सड़क हादसे में छह युवकों की मौत पर थुमहा पहुंचे पप्पू यादव, पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता; पीएम मोदी पर साधा निशाना, बोले- गमछा लहराने से बिहार की बदहाल तस्वीर नहीं बदलेगी
सुपौल दस्तक न्यूज, सुपौल
सुपौल। सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के थुमहा गांव के छह युवकों की अररिया जिले के बीड़ी पुल के पास हुए भीषण सड़क हादसे में मौत के बाद पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव पीड़ित परिवारों से मिलने थुमहा पहुंचे। उन्होंने एक-एक कर सभी मृतक युवकों के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की, उन्हें गले लगाकर ढांढस बंधाया और अपनी ओर से तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की। सांसद ने मुन्ना कुमार के परिवार को 30 हजार रुपये, आदित्य कुमार एवं आर्यन कुमार के परिवार को संयुक्त रूप से 30 हजार, यश कुमार को 15 हजार, सौरभ कुमार को 20 हजार और कुंदन कुमार के परिवार को 15 हजार रुपये की सहायता दी। उन्होंने आदित्य और आर्यन की असामयिक मृत्यु को खेल जगत के लिए भी बड़ी क्षति बताया। दोनों प्रतिभाशाली वॉलीबॉल खिलाड़ी थे। आदित्य अंडर-19 और आर्यन अंडर-17 वर्ग में खेलते थे। इसके अलावा थुमहा गांव के वार्ड संख्या-7 निवासी लालदेव राम के 15 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार, जिनकी कुछ दिन पहले सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी, के घर भी सांसद पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी।
सांसद ने अररिया के जिलाधिकारी और सुपौल के आपदा अपर समाहर्ता से फोन पर बात कर सभी पीड़ित परिवारों को शीघ्र सरकारी मुआवजा एवं अन्य सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने सरकार से प्रत्येक मृतक के परिवार को 20-20 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
पीएम मोदी पर साधा निशाना
मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि राघोपुर, हाजीपुर, सोनपुर, मकेर, परसा और सारण को मिलाकर हाल के दिनों में 40 से अधिक लोगों की मौत हुई है, जिनमें कई मासूम बच्चे भी शामिल हैं। इन परिवारों के घरों में मातम पसरा है, लेकिन प्रधानमंत्री ने पीड़ित परिवारों से मिलना या उनके प्रति संवेदना व्यक्त करना जरूरी नहीं समझा। उन्होंने कहा कि बिहार में बाढ़ से लोग मरते हैं, जहरीली शराब से परिवार उजड़ते हैं और हादसों में मासूमों की जान जाती है, लेकिन ऐसे समय में प्रधानमंत्री की संवेदना कहां चली जाती है? पप्पू यादव ने प्रधानमंत्री के गमछा लहराने पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब कई परिवार अपनों को खोने के सदमे में हैं, तब उत्सव जैसा माहौल बनाना क्या उनके जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा नहीं है? उन्होंने सवाल किया कि यदि कोई गरीब या यादव समाज का व्यक्ति इसी तरह गमछा लहराता तो क्या उसे असभ्य और संस्कारहीन नहीं बताया जाता?
पुल परियोजना के श्रेय को लेकर भी उठाए सवाल
पप्पू यादव ने एक पुल परियोजना के उद्घाटन और श्रेय को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस परियोजना का श्रेय आज लिया जा रहा है, उसका उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहले ही कर चुके थे। इस संबंध में विज्ञापन भी प्रकाशित हुआ था और पुल पर आवागमन शुरू हो चुका था। ऐसे में दोबारा श्रेय लेने की जरूरत क्यों पड़ी? उन्होंने कहा कि बिहार की राजनीति में विकास के नाम पर श्रेय लेने की होड़ लगी है, जबकि दूसरी तरफ हादसों और आपदाओं से प्रभावित परिवारों के दर्द पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री देश के सर्वोच्च पद पर हैं, इसलिए उन्हें बिहार की गरिमा और पद की मर्यादा का भी ख्याल रखना चाहिए। मौके पर उपस्थित मिन्नत रहमानी,नंदकुमार चौधरी, मुकेश कुमार मंडल, सुभाष कुमार यादव, शिव कुमार यादव, मिनतुल्लाह खान, मोहम्मद इस्लाम, पप्पू भगत, प्रदीप बसेदार, जगदेव साह, संजय झा व अन्य उपस्थित थे।
#SupaulDastak #Supaul #Thumha #Pipra #SupaulNews #PappuYadav #RajeshRanjan #RoadAccident #RoadAccidentNews #BiharNews #BiharPolitics #VictimFamilies #EconomicAssistance #RoadSafety #ArariaNews #BiharGovernment #PMModi #NitishKumar #KosiNews #BreakingNews
विज्ञापन
विज्ञापन