पिपरा सब्जी उत्पादक सहकारी समिति के अध्यक्ष बने संतोष मेहता
उपाध्यक्ष पद पर विकास कुमार व सचिव पद पर द्रोपदी देवी निर्विरोध निर्वाचित, नौ कार्यकारिणी सदस्य भी चुने गए
(सुपौल): पिपरा प्रखंड प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समिति लिमिटेड के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव एवं कार्यकारिणी सदस्यों के पदों के लिए मंगलवार को पिपरा प्रखंड मुख्यालय परिसर में चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव को लेकर प्रखंड मुख्यालय परिसर में दिनभर गहमागहमी बनी रही। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी निर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों के नामों की घोषणा की गई। अध्यक्ष पद पर ठाढ़ी भवानीपुर पंचायत के बिशनपुर निवासी संतोष कुमार मेहता निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं विकास कुमार को उपाध्यक्ष तथा द्रोपदी देवी को सचिव पद के लिए निर्विरोध चुना गया। तीनों पदों पर निर्विरोध निर्वाचन होने से समर्थकों एवं समिति से जुड़े लोगों में खुशी देखी गई। कार्यकारिणी सदस्य के नौ पदों के लिए भी निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी की गई। इसमें महेश मेहता, बागेश्वर ठाकुर, चंदेश्वरी सादा, विमला देवी, रामवती देवी, कृष्णदेव मेहता, ओम कुमार, बैजू कामत एवं रामानंद शाह निर्वाचित हुए। चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के बाद निर्वाचित पदाधिकारी सह पिपरा के बीडीओ अमरेंद्र पंडित ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को प्रमाण पत्र प्रदान किया। प्रमाण पत्र प्राप्त करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव एवं सदस्यों ने समिति के उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करने तथा सब्जी उत्पादक किसानों के हितों को प्राथमिकता देने की बात कही। नवनिर्वाचित अध्यक्ष संतोष कुमार मेहता सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि समिति के माध्यम से सब्जी उत्पादक किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने, उनके उत्पाद का उचित मूल्य दिलाने तथा किसानों को संगठित कर उनकी समस्याओं को संबंधित स्तर तक पहुंचाने की दिशा में प्रयास किया जाएगा। चुनाव संपन्न होने के बाद समिति के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को स्थानीय लोगों तथा समर्थकों ने बधाई दी। लोगों ने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी के गठन से क्षेत्र के सब्जी उत्पादक किसानों को समिति के माध्यम से बेहतर सुविधाएं और बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
#पिपरा #सुपौल #सब्जीउत्पादकसहकारीसमिति #सहकारीसमिति #संतोषकुमारमेहता #पिपरासब्जीउत्पादकसमिति #सहकारीसमितिचुनाव #निर्विरोधनिर्वाचन #किसान #सब्जीउत्पादककिसान #किसानहित #कृषिसमाचार #सुपौलन्यूज #पिपरान्यूज #बिहारन्यूज #स्थानीयन्यूज #Supaul #Pipra #SupaulNews #BiharNews
विज्ञापन
विज्ञापन